श्रीराम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का धरना, छह सूत्री मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
गया लाइव डेस्क। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर शनिवार को गया के गांधी मैदान गेट संख्या-7 के समीप कांग्रेस पार्टी एवं ‘श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी उजागर कराओ संघर्ष समिति’ के संयुक्त बैनर तले धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने सरकार के समक्ष छह सूत्री मांगें रखते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की। समिति के संयोजक प्रो. विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावे, दान और अन्य मामलों में कथित अनियमितताओं को लेकर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
छह प्रमुख मांगें रखीं
धरना के दौरान नेताओं ने कथित एसआईटी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने, संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराने, मंदिर में शुरू से प्राप्त चढ़ावे का स्वतंत्र ऑडिट कराने, मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने तथा प्रधानमंत्री से इस विषय पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने की मांग की।
अयोध्या तक आंदोलन ले जाने की घोषणा
नेताओं ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में गया जिले के 24 प्रखंडों, 332 पंचायतों तथा गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद अयोध्या तक चरणबद्ध आंदोलन करने की रणनीति बनाई जाएगी। धरना समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी छह सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम ईमेल, ट्वीट और डाक के माध्यम से भेजा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मो. खान अली, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. गगन मिश्रा, बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, टिंकू गिरी, धर्मेंद्र कुमार निराला, शिव कुमार चौरसिया, कुमार ओंकार शक्ति सहित कांग्रेस एवं संघर्ष समिति के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
