आज से गयाजी के आजाद पार्क में रामलीला मंचन, केंद्रीय मंत्री करेंगे उद्घाटन
गया लाइव डेस्क। गयाजी शहर के ऐतिहासिक आजाद पार्क में आज से श्री आदर्श लीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला मंचन की शुरुआत हो रही है। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार करेंगे। पहली बार अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा उद्घाटन सह रामलीला का मंचन किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गयाजी के 10 ऐसे चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अत्याधुनिक तकनीक से इलाज कर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई और बाहर जाने से रोका।
यह आयोजन 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रामायण की विभिन्न लीलाओं का मंचन होगा। वहीं रात 8 बजे से 11 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इस प्रस्तुति का निर्देशन मथुरा से आए प्रसिद्ध कलाकार छोटेलाल चतुर्वेदी कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस वर्ष स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए कलाकार भी मंचन में भाग लेंगे।
गया में रामलीला की परंपरा पिछले 56 वर्षों से दशहरे के मौके पर जारी है। इस बार भी शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और भारी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति की उम्मीद है।
समिति के महासचिव संदीप कुमार सिन्हा उर्फ गोपाल जी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को संजोना और नई पीढ़ी तक रामायण के आदर्शों को पहुँचाना है। वहीं संयोजक संतोष कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे पार्क क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम का समापन 3 अक्टूबर को होगा। इस दिन दशहरा कमिटी और श्री आदर्श लीला समिति के संयुक्त तत्वावधान में कोतवाली चौक पर भरत मिलाप आयोजित किया जाएगा। वहीं रावण वध का कार्यक्रम समिति के कलाकारों द्वारा दशहरा कमिटी के मंचन में किया जाएगा।
