गया

कांग्रेस कार्यालय में बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि मनाई गई, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

गया लाइव डेस्क। गया जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को राजेंद्र आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाज सुधारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। अपने संबोधन में रजनीश कुमार ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का पूरा जीवन सादगी, संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली आने वाले बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरसंभव सहायता के लिए बाबू जगजीवन राम सदैव तत्पर रहते थे। उनका जीवन जनसेवा और समर्पण की मिसाल है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज के जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को बाबू जगजीवन राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनता की सेवा, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, धर्मेंद्र निराला, ताजुद्दीन, ओंकार शक्ति, सुनील पासवान, इंदल पासवान, रवींद्र कुमार सिंह, अर्जुन गुप्ता, मोहम्मद नसीम, सैफुल्ल इस्लाम, मदीना खातून, शिवनाथ प्रसाद, राकेश कुमार, सारिका कुमारी, अंशु सिन्हा, शर्मिला कुमारी, मीनू सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी अशोक भारती ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *