गयापटनाबिहार

बोधगया से गूंजा दीर्घायु का संदेश: दलाई लामा के 91वें जन्मोत्सव पर पर्यटन जगत ने जताया सम्मान

गया लाइव डेस्क। विश्वविख्यात तिब्बती धर्मगुरु परम पावन 14वें दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर बोधगया में आध्यात्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। एसोसिएशन ऑफ बुद्धिस्ट टूर ऑपरेटर्स (ABTO) की ओर से आयोजित समारोह में बौद्ध भिक्षुओं, होटल व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

होटल में आयोजित हुआ भव्य जन्मोत्सव समारोह

एसोसिएशन ऑफ बुद्धिस्ट टूर ऑपरेटर्स (एबीटीओ) की ओर से रविवार को बोधगया के एक होटल में परम पावन 14वें दलाई लामा का 91वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बौद्ध धर्मगुरुओं, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल ऑपरेटरों और समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दलाई लामा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

दलाई लामा के योगदान पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम में एबीटीओ के सूचना एवं जनसंपर्क प्रभारी तथा बोधगया होटल एसोसिएशन के महासचिव सुदामा कुमार ने दलाई लामा के जीवन, उनके आध्यात्मिक संदेशों और बोधगया के पर्यटन एवं व्यवसायिक विकास में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दलाई लामा के कारण बोधगया को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और यहां के पर्यटन उद्योग को नई दिशा मिली है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों के साथ मिलकर उनके शतायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

सुत्त पाठ के बाद काटा गया जन्मोत्सव का केक

कार्यक्रम की शुरुआत बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) के पूज्य भंते मनोज गुरुजी एवं उनके साथ आए सात सदस्यीय भंतेगण द्वारा सुत्त पाठ से हुई। इसके बाद बीटीएमसी के वरिष्ठ भंते मनोज ने केक काटकर दलाई लामा का जन्मोत्सव मनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़े लोग रहे मौजूद

समारोह में बोधगया के विभिन्न बौद्ध मंदिरों के भिक्षुओं के अलावा समाजसेवी अरविंद सिंह, होटल हयात, होटल न्यू शिवा, होटल बोधगया रीजेंसी, होटल फर्न, अनुकूल गेस्ट हाउस, बोधगया रेसिडेंसी, होटल आनंद इंटरनेशनल, होटल महामाया पैलेस सहित कई होटल प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ट्रैवल व्यवसाय से जुड़े दीपक कुमार, सहेंद्र सिंह, अरुण कुमार राजा सहित कई लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

अतिथियों का अंगवस्त्र देकर किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में एबीटीओ बिहार चैप्टर के अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार राय, रामजी शर्मा, कोषाध्यक्ष राहुल केशव, संयुक्त सचिव चरणजीत कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूज्य भंते मनोज, समाजसेवी अरविंद सिंह एवं अन्य भंतेगणों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का समापन विश्व शांति, करुणा और मानवता के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *