गया डीएम शशांक शुभंकर ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वच्छ, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गया जिला प्रशासन ने तैयारी तेज़ कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी (प्रखंड विकास पदाधिकारी) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर रंग-रोगन, रैंप, बिजली, पानी, रोशनी, शौचालय और शेड जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान से संबंधित संपूर्ण विवरणी की पेंटिंग शीघ्रता से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देशित किया कि चुनाव कार्य में लगे सभी कर्मियों को द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के दौरान फॉर्म 17C भरने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट आदेश है कि प्रत्येक मतदान पदाधिकारी को यह फॉर्म सही तरीके से भरना और जमा करना अनिवार्य है।
डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि Presiding Officer App (PRO App) में रोजाना डेटा अपलोड किया जाए। यदि किसी बूथ पर नेटवर्क की दिक्कत है, तो उसकी सूचना तुरंत जिला मुख्यालय को दी जाए ताकि नेटवर्क प्रदाताओं के साथ बैठक कर समस्या का समाधान कराया जा सके।
डीएम ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर इस बार शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी। प्रत्येक निर्वाची पदाधिकारी के नियंत्रण में 3 टीवी स्क्रीन के माध्यम से बूथों की लाइव निगरानी होगी। साथ ही जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां 10 विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा नामित सभी प्रेक्षक कल से गया जिले में पहुंचेंगे, जिन्हें संबंधित निर्वाची पदाधिकारी अपने क्षेत्र की तैयारियों की जानकारी देंगे।
बैठक के बाद डीएम ने समाहरणालय परिसर स्थित निर्वाचन व्यय कोषांग का निरीक्षण किया और SST टीम द्वारा बनाए गए 39 नाका/चेकिंग पॉइंट्स की कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया और निर्देश दिया कि हर चेकिंग पॉइंट की निगरानी लगातार रखी जाए। इस मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। गया प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
