हैट्रिक की तैयारी में राजद प्रत्याशी कुमार सर्वजीत, बोधगया सीट से किया नामांकन
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में नामांकन की प्रक्रिया के बीच बोधगया सुरक्षित विधानसभा सीट पर सियासत का ताप बढ़ गया है। महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्याशी कुमार सर्वजीत ने शुक्रवार को गया समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में सर्वजीत ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की नई आजादी की लड़ाई है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र का यह महापर्व है। बोधगया की जनता ने मुझ पर तीन बार भरोसा जताया है, और इस बार भी जनता के आशीर्वाद से हैट्रिक पूरी होगी।” उन्होंने अपने नेतृत्व के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के प्रति आभार जताया और कहा कि वे बिहार की नई तस्वीर और नई दिशा के लिए समर्पित हैं।
उन्होंने कहा, “नई बिहार की परिकल्पना युवाओं के रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय पर आधारित है। हमारी लड़ाई नौजवानों की नौकरियों और उनके भविष्य के लिए है।” प्रशांत किशोर के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सर्वजीत ने कहा, “कौन क्या कह रहा है, वह मुद्दा नहीं है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। नई बिहार और नई युवा शक्ति का निर्माण।”
राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत बोधगया से दो बार विधायक रह चुके हैं और तीसरी बार मैदान में उतरकर हैट्रिक जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं। महागठबंधन ने उन्हें पुनः मौका देकर स्पष्ट संदेश दिया है कि वह जनता के बीच उनकी पकड़ और लोकप्रियता पर भरोसा रखती है। बोधगया विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
