गया नगर विधानसभा में होगी दिलचस्प टक्कर
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में गया नगर सीट एक बार फिर सियासी चर्चा का केंद्र बनने जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने इस बार भी अपने पुराने और लोकप्रिय चेहरे अखौरी ओंकारनाथ श्रीवास्तव उर्फ मोहन श्रीवास्तव को प्रत्याशी बनाया है। उनका सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार से होगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में मोहन श्रीवास्तव ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें कड़ी टक्कर के बावजूद करीब 12 हजार वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने इस बार पुनः उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है।
कांग्रेस नेता रजनीश कुमार झुन्ना ने कहा कि मोहन श्रीवास्तव पर विश्वास करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व — देश और प्रदेश दोनों स्तरों पर — का आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार गया नगर विधानसभा से चौंकाने वाला परिणाम सामने आएगा। झुन्ना ने कहा, “गया की जनता परिवर्तन के मूड में है, और युवाओं की आंधी में इस बार 35 वर्षों से जमे विधायक डॉ. प्रेम कुमार को हार का सामना करना पड़ेगा।”
कांग्रेस का दावा है कि संगठन इस बार पूरी तरह एकजुट है और बूथ स्तर तक तैयारी कर ली गई है। वहीं भाजपा की ओर से डॉ. प्रेम कुमार अपने लंबे अनुभव और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के बल पर चुनावी मैदान में हैं।
गया नगर की यह सीट इस बार न सिर्फ गया जिले, बल्कि पूरे मगध क्षेत्र में राजनीतिक रूप से बेहद दिलचस्प मुकाबले का केंद्र बनने जा रही है। अब देखना यह होगा कि जनता पुराने अनुभव को तवज्जो देती है या फिर बदलाव की नई लहर को मौका।
