गया नगर से भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रेम कुमार किया नामांकन ने
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने गया नगर विधानसभा सीट से नामांकन का पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और सांसद अनिल सिसोदिया भी मौजूद थे।
नामांकन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, “फिर एक बार प्रत्याशी बनकर गया तीर्थ को सौभाग्यशाली बनाने के लिए बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से यहां आया हूँ। हमने भाजपा प्रत्याशी के रूप में डॉ. प्रेम कुमार का नामांकन पत्र दाखिल किया है। भगवान से प्रार्थना है कि वे विजयी हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है, और बिहार में फिर एक बार सुशासन की सरकार बनेगी।”
नामांकन के बाद डॉ. प्रेम कुमार जैसे ही बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि गया नगर विधानसभा सीट पर इस बार भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
इसी दौरान बेलागंज विधानसभा से भी नामांकन की हलचल रही। बेलागंज से राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह उर्फ विश्वनाथ यादव और जदयू प्रत्याशी मनोरमा देवी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर राजद प्रत्याशी विश्वनाथ यादव ने कहा कि, “मनोरमा देवी हमारी मां के समान हैं। पिछले उपचुनाव की हार से हमने बहुत कुछ सीखा है, इस बार बेलागंज से चौंकाने वाला परिणाम सामने आएगा।”
