Uncategorized

गया स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरे यात्री की RPF ने बचाई जान, ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ में तुरंत भेजा अस्पताल

गयाजी(आकाश रौशन)। पूर्व मध्य रेल, डीडीयू मंडल के गया स्टेशन पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाड़ी संख्या 04452 हावड़ा स्पेशल फेयर से यात्रा कर रहे एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में कोच और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए।

घटना में यात्री सुरेंद्र (उम्र 45 वर्ष), पिता कामेश्वर प्रसाद शर्मा, निवासी बागेश्वरी गुमटी, थाना-कोतवाली, जिला गया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी कमर में गंभीर चोट आई।

RPF ने चलाया ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’

गाड़ी रुकते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) गया के जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। उप निरीक्षक विकास कुमार, उप निरीक्षक जावेद इकबाल, सहायक उप निरीक्षक रामसेवक, कांस्टेबल शशि शेखर, कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल आर. पी. सिंह ने यात्रियों की मदद से घायल को ट्रैक से बाहर निकाला।

घायल को पहली चिकित्सा (फर्स्ट एड) देने के बाद निजी वाहन से रेलवे अस्पताल, गया पहुँचाया गया।

परिजनों को सौंपा गया घायल

अस्पताल में घायल यात्री की मां कामेश्वरी देवी और बहन अनीता देवी उपस्थित थीं। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए मरीज को अपने साथ ले जाने का अनुरोध किया, जिसके बाद RPF ने यात्री को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

रेल प्रशासन ने दी जानकारी

रेल प्रशासन ने कहा कि हादसा यात्री की जल्दबाज़ी के कारण हुआ, लेकिन RPF के त्वरित कदम से उसकी जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *