Uncategorized

गया में दुर्गा पूजा पंडाल में आपत्तिजनक वस्तु फेंकी गई, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में

गयाजी (आकाश रौशन)। गया जिले के गुरूआ थाना क्षेत्र के गुरूआ बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बीते दिन (30 सितंबर) को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक मांस का टुकड़ा फेंके जाने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गुरूआ एवं पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पंडाल परिसर व आसपास के क्षेत्र में त्वरित पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। अधिकारियों ने स्थिति का सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वर्तमान में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।

गया पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है तथा लगातार आसूचना संकलन किया जा रहा है। गुरूआ थाना में इस मामले को लेकर कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। बुधवार (01 अक्टूबर) को वरीय पुलिस अधीक्षक, गया, जिलाधिकारी गया एवं एसडीपीओ शेरघाटी-01 ने गुरूआ बाजार के दुर्गा पूजा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण है।

गया पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। साथ ही किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। गया पुलिस ने पुनः स्पष्ट किया कि जन-जन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *