बिहार विधानसभा चुनाव-2025 : गया में दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन
गया लाइव डेस्क। जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी गया शशांक शुभंकर के निर्देशानुसार बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के अवसर पर जिले भर में बहुआयामी स्वीप (SVEEP) गतिविधियाँ लगातार चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में आज स्वीप कोषांग की ओर से दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली का उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने मताधिकार का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
रैली में दिव्यांगजन बैटरी चालित ट्राइसाइकिल एवं सामान्य ट्राइसाइकिल पर सवार होकर शामिल हुए और शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए “मतदान हमारा अधिकार है”, “सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो” तथा “हर वोट की है अहमियत” जैसे प्रेरक नारों से माहौल को लोकतंत्र के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर वरीय प्रभारी पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, नगर आयुक्त कुमार अनुराग, सहायक समाहर्ता डॉ. सूरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दीपक चंद्र देव, तथा नोडल पदाधिकारी स्वीप सह डीपीओ आईसीडीएस रश्मि वर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य यह संदेश देना है कि हर मतदाता की भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है, और दिव्यांग मतदाता भी समान रूप से इस लोकतांत्रिक पर्व का अहम हिस्सा हैं।
मुख्य बिंदु:
बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनज़र गया में दिव्यांग मतदाता रैली आयोजित
“हर वोट की है अहमियत” के नारों से गूंजा शहर
जिला प्रशासन की पहल पर स्वीप कोषांग द्वारा किया गया आयोजन
