गयापटनाबिहार

नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने किया MCMC कोषांग का निरीक्षण

गया लाइव डेस्क। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज 11 अक्टूबर 2025 को वरीय प्रभारी पदाधिकारी (MCMC कोषांग) सह नगर आयुक्त, गया श्री कुमार अनुराग ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में संचालित मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC) कोषांग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के आलोक में समिति के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि MCMC का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों द्वारा विभिन्न माध्यमों — प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म — पर प्रकाशित या प्रसारित किए जाने वाले विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन सुनिश्चित करना है। साथ ही, ‘पेड न्यूज़’ पर रोक लगाना और चुनाव व्यय की सटीक निगरानी बनाए रखना भी इस समिति की प्रमुख जिम्मेदारी है।

श्री अनुराग ने स्पष्ट कहा कि आयोग के नियमों के विपरीत किसी भी विज्ञापन का प्रसारण या प्रकाशन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे मामलों में समिति त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने व्यय लेखा संधारण से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के वास्तविक खर्च का पारदर्शी लेखा-जोखा रखा जाए।

नगर आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समिति को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *