कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बने मोहन श्रीवास्तव
गया लाइव डेस्क। कांग्रेस पार्टी ने गया के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमहापौर डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। डॉ. मोहन श्रीवास्तव लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे हैं और गया की राजनीति में उनकी मजबूत पहचान है। पार्टी संगठन को मजबूत करने, जनसरोकार के मुद्दों को उठाने तथा आम लोगों के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। समर्थकों ने इसे गया जिले के लिए सम्मान की बात बताते हुए कहा कि इससे जिले में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। अपनी नियुक्ति पर डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
