गयापटनाबिहार

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का गयाजी एवं जहानाबाद में ऐतिहासिक स्वागत

गया/जहानाबाद। बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार अपने निर्वाचन के उपरांत तीन दिवसीय प्रवास पर पहली बार अपने गृह जिला जहानाबाद एवं कर्मभूमि गयाजी पहुँचे। इस अवसर पर भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, चंद्रवंशी समाज, अतिपिछड़ा समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोगों और स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया।

डॉ. प्रेम कुमार का स्वागत सर्वप्रथम जहानाबाद परिसदन में किया गया, जहाँ उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके पश्चात मखदुमपुर बाजार में व्यापारियों एवं समाजसेवियों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। बेलागंज में भी भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

गयाजी आगमन पर स्वागत का सिलसिला लगातार जारी रहा। गया–पटना रोड (रामशिला मोड़) से लेकर तूतबाड़ी मोड़, दुखरनी मंदिर, टॉवर चौक स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रमना रोड एवं पितामहेश्वर कोइरीबारी मोड़ पर माननीय स्पीकर का लड्डू से तौल किया गया।


भगत सिंह चौक पर शहीद-ए-आजम की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत चाँद चौक, समीर तकिया दुर्गा स्थान, गेवालबीघा रोड, खालिस पार्क, रामपुर रोड दुर्गा मंदिर, आशा सिंह मोड़ होते हुए यात्रा का समापन गया सर्किट हाउस में हुआ।

हर जगह सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा शहर उत्सवमय माहौल में डूबा रहा।

इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार विधानसभा की गरिमा का सम्मान है। आपने जो प्रेम, विश्वास और स्नेह दिया है, वह मेरी सबसे बड़ी ताकत है। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में मैं सदन की मर्यादा और जनता की अपेक्षाओं को सर्वोपरि मानकर कार्य करूंगा।”

उन्होंने कहा कि गयाजी और जहानाबाद की धरती से उन्हें हमेशा ऊर्जा प्राप्त होती है और यहाँ के लोगों का विश्वास उनके लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है। यह भव्य स्वागत यात्रा जनता के स्नेह और समर्थन का प्रतीक है।

इस अवसर पर अधिवक्ता मुकेश शर्मा, पप्पू चंद्रवंशी, नीरज निश्चल, सुनील सिन्हा, विकास कुमार, वसंत जी परमार, पिंटू शर्मा, धीरू जी, मनीष कुमार सोनू, शंभू यादव, सूरज राणा, सागर सचदेवा, आदित्य वर्धन, राजनंदन गांधी, ऋषि लोहानी, अमित लोहानी, कृष्णा साहू, रौनक सेठ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *