आम बजट 2026-27 जन-कल्याणकारी और विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर : डॉ. प्रेम कुमार
गया लाइव डेस्क। बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्र सरकार के आम बजट 2026-27 पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जन-कल्याणकारी, सर्वसमावेशी और विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह बजट कृषि, औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों के साथ-साथ युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष रूप से केंद्रित है। कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट तीन मुख्य कर्तव्यों—आर्थिक विकास को गति देना, जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत समान अवसर उपलब्ध कराने—पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं तक विकास का लाभ समान रूप से पहुंचाना है। इसी क्रम में रेयर अर्थ कॉरिडोर, नए फ्रेट कॉरिडोर, पूर्वोत्तर में बौद्ध सर्किट, इंडस्ट्रियल क्लस्टर, नेशनल फाइबर स्कीम, एमएसएमई के लिए सेल्फ रिलायंट इंडिया फंड जैसी योजनाएं देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पटना और वाराणसी में प्रस्तावित शिप रिपेयर सेंटर बिहार सहित पूरे क्षेत्र की आंतरिक जलमार्ग आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगे। वहीं 10,000 करोड़ रुपये की “बायोफार्मा शक्ति” योजना से देश को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और वैश्विक आपूर्ति शृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने इस सर्वस्पर्शी और कल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी और उनकी पूरी टीम को हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा।
