अमर शहीद जगदेव बाबू की जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अर्पित की श्रद्धांजली
पटना। अमर शहीद जगदेव बाबू की जयंती के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने जगदेव बाबू के संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को याद किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अमर शहीद जगदेव बाबू सामाजिक न्याय, समता और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले महान विचारक और निर्भीक क्रांतिकारी नेता थे। उन्होंने अन्याय, असमानता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ पूरी मजबूती से आवाज उठाई और अपने सिद्धांतों के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और अवसर पहुँचे। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके साहस, संघर्ष और सामाजिक प्रतिबद्धता से सीख लेने की आवश्यकता है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अमर शहीद जगदेव बाबू का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका जीवन समाज में समानता, भाईचारा और न्याय स्थापित करने के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
