मगध में बीजेपी को बड़ा झटका, पूर्व सांसद धीरेंद्र ने थामा जन सुराज का दामन
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र मगध की राजनीति में हलचल तेज़ हो गई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल ने भाजपा से नाता तोड़कर जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने शनिवार को जन सुराज के जिला अध्यक्ष भवानी सिंह की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सांसद ने कहा कि वे अब गया सदर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि “जनता बदलाव चाहती है और अब जनता का विश्वास जीतने के लिए जन सुराज के मंच से नई राजनीति की शुरुआत करूंगा।”
पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल ने भाजपा नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की भावना की लगातार अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने दावा किया कि गया और आसपास के इलाकों में जन सुराज की पकड़ तेजी से बढ़ रही है।
जन सुराज के जिला अध्यक्ष भवानी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि धीरेंद्र अग्रवाल के शामिल होने से पार्टी को बड़ा बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि “गया सदर में जनता अब एक नए विकल्प के रूप में जन सुराज को देख रही है। हम विकास और सुशासन के एजेंडे पर जनता के बीच जाएंगे।”
बताया जाता है कि आने वाले दिनों में पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, उनके समर्थकों ने जुलूस निकालकर पार्टी में उनके शामिल होने पर खुशी जताई।
मगध क्षेत्र में इस राजनीतिक फेरबदल को लेकर चर्चा जोरों पर है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व सांसद का यह कदम भाजपा के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि गया सदर सीट पर उनकी पकड़ लंबे समय से मजबूत रही है।
