गयाजी में विकास का नया अध्याय लिखेगी जनता: पूर्व सांसद व जन सुराज उम्मीदवार धीरेंद्र अग्रवाल
गया लाइव डेस्क। गयाजी शहर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार एवं पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल ने कहा है कि गयाजी में अब परिवर्तन की आंधी चल रही है। जनता 35 साल से जमे राजनीतिक “खूंटे” को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि “जन सुराज पार्टी गयाजी में तूफान लेकर आई है, और यह तूफान विकास का नया अध्याय लिखेगा।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में धीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि गयाजी की जनता अब जाग चुकी है और हमारे साथ लगातार जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि “35 साल से यहां जो कचरा जमा है, उसे जनता खुद साफ करेगी। इतने वर्षों में जो विकास होना चाहिए था, वह हुआ ही नहीं। अब जनता सबक सिखाने के मूड में है।”
पूर्व सांसद ने दावा किया कि जनता उन्हें मौका देगी तो वे ईमानदारीपूर्वक गयाजी शहर के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य सत्ता नहीं, सेवा है। गयाजी की सड़कों से लेकर रोजगार तक हर क्षेत्र में सुधार लाएंगे। जनता को विकास और तरक्की का असली स्वाद चखाना ही हमारा लक्ष्य है।”
धीरेंद्र अग्रवाल ने अपील की कि गयाजी की जनता जन सुराज पार्टी से जुड़े और इस बार अपने वोट से बदलाव की नई कहानी लिखे। उन्होंने कहा कि “35 साल के वर्तमान विधायक अपनी कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते। जनता सब जानती है और चुनाव में उन्हें सबक सिखाएगी।”
चुनाव के करीब आते ही गयाजी शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और धीरेंद्र अग्रवाल का यह बयान स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है।
