गयापटनाबिहारबिहार चुनाव 2025

स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज

गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत गया जिले में आगामी 11 नवंबर को मतदान होना है। मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो—इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में मंगलवार को सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों ने बिपार्ड, गया में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने की। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार, सामान्य प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक, तथा सभी निर्वाची पदाधिकारी और कोषांग के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेक्षकों ने की चरणबद्ध समीक्षा

प्रेक्षकों ने चुनावी तैयारियों की चरणवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मतदान केंद्रों के सत्यापन, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुपालन, चेकपोस्ट व्यवस्था, खर्च की निगरानी, और वज्रगृहों की सुरक्षा समीक्षा जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई।

उन्होंने वेबकास्टिंग व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली ताकि मतदान प्रक्रिया की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन पूरी तरह तैयार

डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मतदान के दिन शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर संयुक्त रणनीति तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या आचार संहिता उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया कि सभी कर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

डीएम ने बताया कि गया कॉलेज और बाजार समिति गया में ईवीएम रिसीविंग सेंटर बनाए गए हैं, जबकि सात स्थानों पर ईवीएम डिस्पैच सेंटर की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप के वितरण की निरंतर निगरानी की जा रही है। सेकंड रैंडमाइजेशन 23 अक्टूबर को निर्धारित है और छठ पर्व के बाद कर्मियों का द्वितीय प्रशिक्षण भी कराया जाएगा।

एसएसपी ने दी सुरक्षा तैयारियों की जानकारी

वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि गया पूर्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है, इस दृष्टि से इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जिले में 70 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां वाहनों की सघन जांच जारी है।

अब तक 350 अपराधियों की गिरफ्तारी, 1100 लीटर शराब और 684 किलो गांजा की जब्ती की गई है।

नक्सल प्रभावित और ग्रामीण इलाकों के मतदान केंद्रों के पहुंच पथों का सैनिटाइजेशन पुलिस द्वारा कराया जा रहा है ताकि मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें।

ये हैं अन्य प्रमुख व्यवस्थाएं

डीएम ने बताया कि इस वर्ष निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों पर मोबाइल रखने हेतु संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही, शाम में अंधेरा जल्दी होने की स्थिति को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

बैठक में सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकगण, केंद्रीय पुलिस बलों के वरीय अधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, तथा कोषांग के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

डीएम ने यह कहा

हमारा लक्ष्य हर मतदाता तक सुरक्षित, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण पहुंचाना है। जिला प्रशासन लोकतंत्र के इस पर्व को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए पूर्णत: तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *