गयापटनाबिहार

लोक-कल्याण और विकास का रोडमैप: बिहार विधानसभा में पेश हुआ 2026–27 का बजट, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा में आज वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट माननीय वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। यह बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट रूपरेखा पेश करता है, जिसमें किसान, मजदूर, युवा, महिला, छात्र, व्यापारी और वंचित वर्गों की जरूरतों को केंद्र में रखा गया है। लोक-कल्याणकारी, समावेशी और दूरगामी दृष्टिकोण के कारण इस बजट को बिहार की विकास-यात्रा का मजबूत रोडमैप माना जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा सहित अन्य भाजपा नेताओं ने बजट का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की। डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में प्रत्यक्ष सुधार लाने वाला विजन डॉक्यूमेंट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में संतुलित निवेश इसे मजबूत बनाता है।
उन्होंने शिक्षा और युवाओं के लिए नए विद्यालयों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों और कौशल विकास केंद्रों की योजनाओं की विशेष सराहना की। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, जिला अस्पतालों के आधुनिकीकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को समान लाभ मिलने की बात कही।
महिला सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूती देना सामाजिक ताने-बाने को और सुदृढ़ करेगा। इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सड़क, पुल, बिजली, पेयजल और शहरी विकास पर बढ़ा निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और रोजगार के अवसर पैदा करेगा।
भाजपा बिहार प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेन्द्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि यह बजट बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण के संतुलन के साथ यह बजट आने वाले वर्षों में बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
बजट का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सराबगी सहित एनडीए नेतृत्व को गया जी की पावन धरती से धन्यवाद और आभार प्रकट किया गया। बजट का स्वागत करने वालों में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेन्द्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर, राजू मिश्रा, संतोष कुमार, डॉ. अशोक, सुनील मिश्रा, मंटू कुमार और बबलू गुप्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *