कार्यकर्ताओं के भरोसे पर फिर खरे उतरे बंटी कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा की कमान दोबारा संभाली
गया लाइव डेस्क। राष्ट्रीय लोक मोर्चा गयाजी इकाई ने एक बार फिर राजीव प्रकाश उर्फ बंटी कुशवाहा पर भरोसा जताते हुए उन्हें निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुन लिया। चुनाव के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन जिले के सभी 24 प्रखंडों तक और अधिक मजबूत होगा।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा, गयाजी इकाई के जिला अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव में राजीव प्रकाश उर्फ बंटी कुशवाहा को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. गोपाल प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुई।
निर्वाचन के बाद आयोजित समारोह में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का स्वागत किया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि बंटी कुशवाहा के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हुआ है और आने वाले दिनों में पार्टी जिले में नई ऊंचाइयों को छुएगी।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष राजीव प्रकाश ने जिला के कार्यकर्ताओं द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा को गया जिले के सभी 24 प्रखंडों में सशक्त और सक्रिय बनाया जाएगा, ताकि आने वाले समय में यह जिले के सबसे मजबूत राजनीतिक संगठनों में शामिल हो सके।
इस अवसर पर सभी पंचायत अध्यक्षों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
