एनडीए की जीत सुनिश्चित करने को लेकर गया जदयू कार्यालय में बैठक
गया लाइव डेस्क। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को गया जिला जदयू कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने की।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जदयू के जिला प्रवक्ता कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने टिकारी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी सह हम नेता डॉ. अनिल कुमार के काफिले पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि “यह लोकतंत्र का महापर्व है, जिसमें हर किसी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अधिकार है। विपक्ष की नाराजगी समझी जा सकती है, लेकिन राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत वैमनस्य में नहीं बदलना चाहिए। लोकतंत्र में जनता ही अंतिम मालिक है, वही अपने प्रतिनिधि का चयन करती है।”
वहीं जदयू जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। जनता इस बार भी विकास और सुशासन के पक्ष में वोट देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें तथा मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करें।
बैठक में बूथ-स्तर पर संगठन को सशक्त करने, मतदाताओं से सीधा संवाद बढ़ाने, और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी अपने सुझाव दिए और सभी ने एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र पासवान, जदयू जिला महासचिव राकेश पांडेय, जिला उपाध्यक्ष बबन चंद्रवंशी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: गया संवाददाता)
