निर्दलीय प्रत्याशी सुबोध कुमार ने खोला चुनावी कार्यालय, सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हुआ भव्य शुभारंभ
गया लाइव डेस्क। जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल अब पूरी तरह परवान चढ़ने लगा है। इसी कड़ी में निर्दलीय प्रत्याशी सुबोध कुमार ने गुरुवार को मकमा गांव के समीप अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यालय का उद्घाटन धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया, जहां सुबोध कुमार ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर टिकारी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यालय उद्घाटन समारोह के दौरान सुबोध कुमार ने कहा कि यह कार्यालय जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा। यहां से कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और जनसंपर्क अभियान को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकारी की जनता के बीच जब वे जा रहे हैं, तो लोगों का जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, वह अभूतपूर्व है। जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव टिकारी से शुरू होगा।
सुबोध कुमार ने कहा कि “टिकारी का हर व्यक्ति सुबोध कुमार है” — यही हमारा नारा और हमारा संकल्प है। उन्होंने बताया कि वे जात-पात और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका लक्ष्य टिकारी विधानसभा का सर्वांगीण विकास करना है — चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य, रोजगार या बुनियादी ढांचा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी उनकी प्राथमिकता होगी।
इस मौके पर कई वक्ताओं ने भी सुबोध कुमार के नेतृत्व की सराहना की और उन्हें जनता का सच्चा उम्मीदवार बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर सुबोध कुमार के समर्थन में नारे लगाए और उनके विजयी होने का संकल्प लिया। पूरे क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
