जनता वोट की चोट से देगी जवाब: जीतन राम मांझी
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच टिकारी विधानसभा क्षेत्र में हम प्रत्याशी सह पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस घटना पर हम पार्टी के प्रमुख व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मांझी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा
माननीय विधायक अनिल कुमार जी पर हुआ हमला विपक्ष की कायरता और हताशा का जीता-जागता उदाहरण है। राजद के लोग बिहार को बंगाल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अनिल जी पर चले हर पत्थर का जवाब बिहार की जनता वोट की चोट से देगी। वहीं काफी संख्या में समाजसेवियों ने हमले का कड़ी निंदा किया है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस तरह के हमलों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। साथ ही उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा(रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान और आरएलकेपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को टैग किया है।
घटना में शामिल नौ आरोपी गिरफ्तार
बीते गुरुवार को टिकारी विधानसभा क्षेत्र के दिघौरा गांव में चुनावी जनसंपर्क के दौरान असामाजिक तत्वों ने हम प्रत्याशी अनिल कुमार पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना में प्रत्याशी सहित आधा दर्जन लोग घायल हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम शशांक शुभांकर और सीनियर एसपी आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल घायल प्रत्याशी अनिल कुमार और उनके समर्थकों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। जिला प्रशासन ने कहा है कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
