गयाबिहारबिहार चुनाव 2025

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

गया लाइव डेस्क। भारत के लौह पुरुष, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गया कॉलेज के गेट नंबर एक के समीप उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, गोपाल यादव सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक थे। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एक सशक्त भारत का निर्माण किया। अगर सरदार पटेल जैसे दूरदर्शी नेता न होते, तो आज भारत अनेक टुकड़ों में बँटा होता।”

उन्होंने आगे कहा कि “पटेल जी ने अपने लौह संकल्प, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ नेतृत्व के बल पर एक मजबूत भारत की नींव रखी। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।”

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करेंगे।
डॉ. मिश्रा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम के अंत में सरदार पटेल अमर रहे और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *