जदयू शिष्टमंडल ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
गया लाइव डेस्क। बढ़ती गर्मी और अस्पतालों में मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए सोमवार को जदयू जिलाध्यक्ष ई. अजय कुशवाहा के नेतृत्व में जदयू का एक शिष्टमंडल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल पहुंचा। शिष्टमंडल ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जदयू जिला प्रवक्ता अवध बिहारी पटेल ने बताया कि शिष्टमंडल ने अस्पताल के लू वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य विभागों का घूम-घूमकर निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली गई।
अस्पताल प्रबंधन से ली व्यवस्थाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट एवं प्रबंधक से इलाज, दवा, बेड, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में जहां भी कमियां नजर आईं, उन्हें तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
इसके बाद जदयू शिष्टमंडल ने अस्पताल की प्राचार्या डॉ. लता शुक्ला से मुलाकात कर पोस्टमार्टम हाउस, छात्रावास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुसार सुविधाएं बढ़ाने की मांग
निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में वर्तमान में 50 बेड और आईसीयू में 20 बेड उपलब्ध हैं। अस्पताल पर लगातार बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने कहा कि जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर इमरजेंसी वार्ड में 200 बेड और आईसीयू में 50 बेड की व्यवस्था कराने की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मगध क्षेत्र के लाखों लोग इस अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की क्षमता बढ़ाना बेहद जरूरी है।
नए छात्रावास और डिपार्टमेंटल लैब की योजना
अजय कुशवाहा ने कहा कि अस्पताल परिसर में जल्द ही नया छात्रावास निर्माण, सीवरेज सिस्टम लागू करने, सड़क निर्माण और आधुनिक डिपार्टमेंटल लैब की व्यवस्था कराने के लिए भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष एलेकजेंडर खान, पार्टी नेता अरुण राव, शंकर चौधरी, बबन चंद्रवंशी, राकेश पांडे, कैलाश पासवान, प्रभात राउत, अरविंद वर्मा, शहजाद शाह, गौतम पटेल, उपेंद्र कुशवाहा और शिशंकर दास सहित कई जदयू नेता मौजूद रहे।
