बड़ी खबर : स्नातक पास युवाओं को मिलेगा 1000 रुपये प्रतिमाह भत्ता
गया लाइव डेस्क। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत स्नातक पास बेरोजगार युवक-युवतियों को सरकार अब आर्थिक मदद और कौशल प्रशिक्षण दोनों उपलब्ध करा रही है।
2016 में सात निश्चय के तहत शुरू हुई इस योजना का लाभ पहले इंटर (12वीं) पास युवाओं को दिया जाता था। अब इसमें संशोधन कर 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के स्नातक (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय) उत्तीर्ण युवाओं को भी शामिल किया गया है।
इस योजना के तहत योग्य अभ्यर्थियों को 1000 रुपये प्रतिमाह भत्ता अधिकतम दो वर्षों तक प्रदान किया जाएगा। साथ ही श्रम संसाधन विभाग, बिहार की ओर से रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
गया जिले में इस योजना का संचालन जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कैंपस, केंदुई से किया जा रहा है।
अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी www.7nishchay-yuvaupmission.bihar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।