“ग्रीन गया, क्लीन गया” महाअभियान अगले माह से, स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश – डॉ. प्रेम कुमार
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि गयाजी की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से “ग्रीन गया, क्लीन गया” महाअभियान अगले माह से व्यापक स्तर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा गया जिला अतिथि गृह में नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ आयोजित स्वच्छता समीक्षा बैठक के दौरान की।
डॉ. प्रेम कुमार ने शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गयाजी धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय महत्व का शहर है, जहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए आते हैं। ऐसे में गंदगी से शहर की छवि प्रभावित होना अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने बताया कि महाअभियान के तहत सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाकर नागरिकों को कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नगर निगम को नियमित मॉनिटरिंग, कूड़ा उठाव की व्यवस्था मजबूत करने और अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पार्किंग स्थलों के शीघ्र चिन्हांकन, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं के विचरण पर रोक, आवास योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभुकों को शीघ्र लाभ देने तथा अपात्र नाम हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट व तिरंगा लाइट दुरुस्त करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नगर निगम कार्यालय में नोडल अधिकारी की नियुक्ति पर जोर दिया गया।
महिला रोजगार से जुड़े आवेदनों की त्वरित जांच व स्वीकृति, स्वच्छता प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश देते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी बिंदुओं पर ठोस प्रगति होनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि एक सप्ताह बाद स्वयं निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
अधिकारियों ने निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 8409 461 488 पर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
