बेल्लारी राष्ट्रीय अधिवेशन में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा सम्मानित
गया लाइव डेस्क। कर्नाटक के बेल्लारी में आयोजित इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गयाजी के जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा को मंच से सम्मानित किया गया। इस अधिवेशन में देश के 25 राज्यों से आए पत्रकारों, सांसदों, विधायकों और अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर सम्मानित किए जाने के बाद रंजन सिन्हा ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण और भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, संघर्ष, निष्ठा और पत्रकारिता के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए प्रेरित करता है। श्री सिन्हा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावक कमलेश कुमार सिंह को देते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उनके स्नेह और प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने गया जिले के पत्रकार साथियों और सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया। अधिवेशन के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और मीडिया की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय मंच पर गया जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान प्राप्त करना जिले के पत्रकार समुदाय के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।
