भूटान में गूंजी बिहार की पर्यटन शक्ति, अंतरराष्ट्रीय मंच पर एबीटीओ ने बढ़ाया बौद्ध सर्किट का दायरा
गया लाइव डेस्क। भूटान की राजधानी थींपू में आयोजित भूटान इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट (BITM) में भारत और भूटान के बीच पर्यटन सहयोग को नई दिशा मिली। 21 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एबीटीओ भारत और एबीटीओ भूटान के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जबकि बिहार की टीम ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

थींपू में हुआ भूटान इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट का भव्य उद्घाटन
11 जून 2026 को भूटान की राजधानी थींपू में भूटान इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट (BITM) का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन भारत स्थित एसोसिएशन ऑफ बुद्धिस्ट टूर ऑपरेटर्स (ABTO) के सहयोग से किया गया। उद्घाटन समारोह में भूटान के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यटन मंत्री नामगे दोरजी, एबीटीओ भूटान के अध्यक्ष केले गैसोन, डायरेक्टर ऑफ टूरिज्म डॉ. टोमचू, एबीटीओ भारत के संस्थापक सेक्रेट्री जनरल डॉ. कौलेश कुमार तथा भूटान में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

21 देशों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दुनिया के 21 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। जापान से यूकी इनोवे, नेपाल से रूबिका सहित सिंगापुर, थाईलैंड, बांग्लादेश और अन्य देशों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। भारत के विभिन्न राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से भी पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।
भारत-भूटान पर्यटन सहयोग को मिला नया आयाम
कार्यक्रम के दूसरे दिन एबीटीओ भारत और एबीटीओ भूटान के बीच पर्यटन क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। भारत की ओर से सेक्रेट्री जनरल डॉ. कौलेश कुमार और भूटान की ओर से अध्यक्ष केले गैसोन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एबीटीओ बिहार के अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा, बोधगया होटल एसोसिएशन के महासचिव सुदामा कुमार और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. कौलेश कुमार को मिला ‘टाइगर ऑफ टूरिज्म’ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एबीटीओ के संस्थापक सेक्रेट्री जनरल डॉ. कौलेश Kumar को बिहार एबीटीओ चैप्टर की ओर से ‘टाइगर ऑफ टूरिज्म’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भूटान एबीटीओ प्रभारी मणि मोंगर, राष्ट्रीय वाइस प्रेसिडेंट यूकी इनोवे और जनसंपर्क प्रभारी सुदामा कुमार द्वारा प्रदान किया गया। इस सम्मान के लिए बिहार चैप्टर के मृत्युंजय कुमार राय और रामजी शर्मा की भी सहमति रही।
बिहार टीम की रही मजबूत मौजूदगी
भूटान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में बिहार एबीटीओ टीम की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। टीम का नेतृत्व बिहार एबीटीओ अध्यक्ष मनीष कुमार मिश्रा ने किया। टीम में निरंजना ग्रुप के सुरेश सिंह, सोनू कुमार, अमरेश कुमार सिन्हा, राजेश कुमार, दीनानाथ प्रसाद, अनिमेष कुमार, वैभव सोलंकी, संयुक्त सचिव रंजीत कुमार मिश्रा और कोषाध्यक्ष राहुल केशव सहित कई सदस्य शामिल रहे।
सुदामा कुमार और यूकी इनोवे भी हुए सम्मानित
भूटान एबीटीओ की ओर से एबीटीओ की राष्ट्रीय वाइस प्रेसिडेंट यूकी इनोवे तथा सूचना एवं जनसंपर्क प्रभारी सह बोधगया होटल एसोसिएशन के महासचिव सुदामा कुमार को भी स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
300 से अधिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी
सुदामा कुमार ने बताया कि भूटान में आयोजित इस ट्रैवल मार्ट में दुनिया भर से करीब 300 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह आयोजन भारत-भूटान पर्यटन संबंधों को मजबूत करने और बौद्ध पर्यटन सर्किट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का औपचारिक समापन 13 जून 2026 को होगा।
