थाई शाही प्रतिनिधिमंडल ने किया महाबोधि मंदिर का दर्शन
गया लाइव डेस्क। थाईलैंड के विदेश मंत्रालय की उप स्थायी सचिव महामहिम सुश्री ससिरीत तंगुलरत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय शाही प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को महाबोधि महाविहार पहुंचकर भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की और पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे श्रद्धा निवेदित की।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत बीटीएमसी सचिव डॉ. महास्वेता महाराठी और भिक्षु डॉ. मनोज ने पारंपरिक खादा स्कार्फ से किया। इस दौरान भिक्षुओं द्वारा मंत्रोच्चारण किया गया और महामहिम ससिरीत तंगुलरत के नेतृत्व में मंदिर परिसर में पुष्पारोपण अभियान भी चलाया गया।
थाई प्रतिनिधिमंडल ने भारत की ओर से मिले आतिथ्य और सौहार्द की सराहना की तथा इस यात्रा को दोनों देशों के बीच बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला बताया।
