गयापटनाबिहार

गया में “उड़ान” कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मिलेगा मंच

गया लाइव डेस्क। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में जीतो गया लेडीज विंग द्वारा “उड़ान” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जीतो गया लेडीज विंग की चेयरपर्सन रुचि जैन ने बताया कि “उड़ान” एक नई सोच और सकारात्मक पहल है, जिसका उद्देश्य उन महिलाओं तक पहुँचना है जो कुछ करना चाहती हैं, लेकिन अवसर या आत्मविश्वास की कमी के कारण पीछे रह जाती हैं।


उन्होंने कहा कि यह मंच उन सभी महिलाओं के लिए खुला है जो व्यवसाय कर रही हैं या आगे बढ़ने की चाह रखती हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें अपने अनुभव साझा करने, नए कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। रुचि जैन ने कहा कि हर महिला में कोई न कोई खास प्रतिभा होती है, बस जरूरत है उसे पहचानने और सही दिशा देने की। “उड़ान” कार्यक्रम इसी दिशा में एक ठोस कदम है, जो महिलाओं को अपनी काबिलियत को पहचानने और एक नई पहचान बनाने का मौका देगा।


उन्होंने आगे बताया कि इस मंच पर विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिला उद्यमियों और विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जो अपने अनुभव और प्रेरक कहानियों के जरिए अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

जीतो गया लेडीज विंग की ओर से कहा गया कि समाज के हर वर्ग की महिलाएं इस आयोजन का हिस्सा बन सकती हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि महिलाएं सिर्फ सपने न देखें, बल्कि उन्हें साकार भी करें।


“उड़ान” के माध्यम से महिलाओं को न सिर्फ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणा मिलेगी, बल्कि यह उनके लिए एक नए आत्मविश्वास, नई पहचान और नई दिशा की शुरुआत साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *