चलती ट्रेन में यात्री का मोबाइल छीना, आरपीएफ ने की त्वरित कार्रवाई, एक नाबालिग गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद
गया लाइव डेस्क। “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत गया रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ पोस्ट गया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग अभियुक्त को गिरफ्तार कर दो चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 22 हजार रुपये बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गाड़ी संख्या 12818 आनंद विहार–रांची एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे यात्री रमेंद्र कुमार सिंह, निवासी बड़की खडाउ (थाना–सहार, जिला–भोजपुर) का मोबाइल फोन गया स्टेशन से ट्रेन खुलने के कुछ ही देर बाद एक युवक ने छीन लिया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास कुमार, आरक्षक आलोक कुमार सक्सेना, संतोष कुमार सिंह, मुकेश कुमार, विकास कुमार, आलोक ओझा, नवीन पांडेय (सीआईबी गया) तथा जीआरपी गया की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सेक्टर-07 में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम ने आयुष कुमार उर्फ बिठला (उम्र 16 वर्ष), पिता–इंदर माझी, निवासी–वार्ड संख्या 10, अंदर बैरागी, थाना–डेल्हा, जिला–गया को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से पीड़ित का मोबाइल और एक अन्य चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि वह चलती ट्रेन के गेट पर बैठे यात्रियों से मोबाइल छीनने का काम करता था। बरामद मोबाइल की पहचान पीड़ित द्वारा की गई।
आरपीएफ ने अभियुक्त को कांड संख्या 299/25, धारा 304 बीएनएस के तहत दर्ज मामले से संबंधित किया है।
आरपीएफ ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
