गया स्टेशन पर तीन नाबालिग बालक मिले, आरपीएफ ने चलाया “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते”, सुरक्षित चाइल्ड हेल्प लाइन को किया सुपुर्द
गया लाइव डेस्क। पूर्व मध्य रेल, डीडीयू मंडल के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया की टीम ने “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत सराहनीय कार्य करते हुए तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्प लाइन के हवाले किया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ के उपनिरीक्षक जावेद इकबाल, सहायक उपनिरीक्षक राम सेवक, मो. खुर्शीद खां, आरक्षी संतोष कुमार सिंह, आलोक कुमार सक्सेना, मुकेश कुमार एवं विकास कुमार गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 सी के दिल्ली छोर पर गश्त और अपराध नियंत्रण के दौरान तीन नाबालिग बालकों को संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए देखा।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे छोटकी भवाड़ी खुर्द, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) के रहने वाले हैं और बिना बताए घर से घूमने के लिए निकल गए थे, लेकिन रास्ता भटककर गया स्टेशन पहुंच गए।
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ टीम ने उन्हें पोस्ट पर लाकर भोजन-पानी उपलब्ध कराया और चाइल्ड हेल्प डेस्क/जिला बाल संरक्षण इकाई गया को सूचना दी। सूचना मिलने पर केस वर्कर मकसूद आलम पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया के बाद तीनों नाबालिगों को सही सलामत अपने संरक्षण में ले लिया गया। आरपीएफ का यह कदम बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशीलता के प्रति सराहनीय उदाहरण पेश करता है।
