गया ब्रेकिंग न्यूज : रेल थाना पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, ढाई करोड़ के सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार
गया लाइव डेस्क। गयाजी रेल थाना पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ढाई करोड़ रुपये मूल्य के सोने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक कोलकाता से सोना लेकर कानपुर जा रहा था।
रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि बुधवार की देर रात रूटीन जांच अभियान के दौरान गया जंक्शन पर 12311 अप हावड़ा-कालका मेल ट्रेन की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक यात्री पुलिस को देखकर घबराने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें से करीब ढाई किलोग्राम सोना बरामद हुआ।
पुलिस ने युवक को तत्काल हिरासत में लेकर थाना लाया, जहां पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह कोलकाता से सोना लेकर कानपुर जा रहा था।
थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है। इस संबंध में रेल एसपी सहित अन्य वरीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस तस्कर से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन शामिल हैं। गयाजी रेल थाना की यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।
