गयापटनाबिहारबिहार चुनाव 2025

विश्व बाल दिवस पर सदर अस्पताल में विशेष कार्यक्रम

गया लाइव डेस्क। विश्व बाल दिवस 2025 के अवसर पर सदर अस्पताल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नवजात शिशुओं एवं उनकी माताओं के बीच बेबी किट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम बाल स्वास्थ्य, मातृ सुरक्षा और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल के चिकित्सा उपाधीक्षक तथा महिला एवं बाल विकास निगम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने माताओं को नवजात शिशुओं की देखभाल, नियमित टीकाकरण, स्तनपान के महत्व तथा बच्चे के प्रारंभिक 1,000 दिनों में पोषण संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि “बच्चा स्वस्थ होगा तभी उसका भविष्य सुरक्षित होगा”, यही विश्व बाल दिवस का मूल संदेश है।

अस्पताल प्रशासन द्वारा वितरित बेबी किट में तेल, साबुन, पाउडर समेत शिशुओं की स्वच्छता और देखभाल से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल थीं। इस पहल का उद्देश्य जन्म के प्रथम दिन से ही माताओं को साफ-सफाई और उचित देखभाल के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में मौजूद माताओं ने अस्पताल प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास निगम की इस जनहितैषी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेबी किट जैसी सहायता न केवल लाभकारी है, बल्कि इससे अस्पताल की सेवाओं पर विश्वास भी बढ़ता है।

समापन सत्र में अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह की जनकल्याणकारी गतिविधियों को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मौके पर उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह, अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार अंबष्ट, ज़िला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा, जी.एस. विशाल कुमार वर्मा, एफ.एल.एस. रोहित कुमार सहित अन्य अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *