गया में ओवैसी की हुंकार: “तेजस्वी ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया, अब अपना नेता खुद बनाओ”
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को गया के चाकंद हाई स्कूल मैदान में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित किया। सभा में हजारों की भीड़ उमड़ी, जहां ओवैसी ने महागठबंधन और विशेष रूप से तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी यादव ने मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया, हम लोग सिर्फ वोट देने वाले बनकर रह गए हैं।”
ओवैसी ने कहा कि भारत के संविधान की धारा 14 समानता का अधिकार देती है, लेकिन अगर मुसलमान बराबरी चाहते हैं तो अब उन्हें अपने वोट से अपना नेता खुद बनाना होगा। उन्होंने कहा कि “पिछले 60 साल से हम सिर्फ वोट डालते आए हैं और फिर घर जाकर सो जाते हैं, अब वक्त है जिम्मेदारी अपने हाथ में लेने का।”
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, आवास और पेंशन योजनाओं में गरीबों से पैसे मांगे जा रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि वक्फ बोर्ड और धार्मिक संपत्तियों पर नियंत्रण के लिए बनाए गए नए कानून मुसलमानों की आस्था पर हमला हैं।
सभा में ओवैसी ने युवाओं से अपील की कि वे “इंसाफ और बराबरी की इस लड़ाई” में AIMIM का साथ दें और कहा कि इस बार का चुनाव मुसलमानों की सियासी हिस्सेदारी तय करने वाला चुनाव है।
