जहानाबाद के राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव का बड़ा बयान — कहा, “बिहारियों का DNA खराब कहा था, तो वोट मांगने क्यों आते हैं प्रधानमंत्री?”
गया लाइव डेस्क। जहानाबाद के राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। गया में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद ने कहा कि अगर बिहार के लोगों का DNA खराब है, तो प्रधानमंत्री को बिहार आकर वोट नहीं मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग बिहारियों को गाली देते हैं, वही आज वोट के लिए बिहार की धरती पर कदम रख रहे हैं — “शर्म करो, लज्जा करो,” सांसद ने कहा।
सुरेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा और एनडीए गठबंधन के लोग राजद नेताओं को चोर-डकैत कहते हैं, लेकिन फिर उन्होंने सवाल उठाया — “नीरव मोदी कौन है? मेहुल चौकसी कौन है? विजय माल्या कौन है? हर्षद मेहता कौन है? क्या ये सब दूध के धुले हैं?”
उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज की मांग लेकर दिल्ली गए थे, तो उन्हें खाली हाथ लौटा दिया गया। “आपने कहा था कि 13 लाख करोड़ का पैकेज दिया गया, लेकिन उसका हिसाब न तो विधानसभा में आया और न ही कैबिनेट में,” सांसद ने तंज कसा।
सांसद यादव ने कहा कि वे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह का सम्मान करते हैं, लेकिन सवाल यह है कि राहुल गांधी या तेजस्वी यादव ने किसी की मां को गाली दी तो माफी मांग ली। “मगर जब प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहारियों का DNA खराब है, तो क्या वह गाली नहीं थी? क्या हमारी माताओं ने खराब DNA से हमें जन्म दिया?” उन्होंने भावुक होकर कहा।
राजद सांसद ने कहा कि भाजपा नेताओं ने 2014 में काला धन लाने और हर खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। “क्या मिला जनता को? अमित शाह ने खुद कहा कि वह तो ‘जुमला’ था। आखिर कब तक बिहारी जनता को जुमले सुनाकर ठगते रहेंगे?” यादव ने कहा।
उन्होंने आगे कहा कि अब बिहार की जनता सब समझ चुकी है। “एक बिहारी सब पर भारी है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव तैयार हैं। महागठबंधन अब आर-पार की लड़ाई लड़ेगा, और इस बार सरकार बनेगी,” सांसद ने दावा किया।
