11 नवंबर को गया जिले के दस विधानसभा क्षेत्रों में होगा मतदान
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत गया जिले में मतदान की तिथि घोषित कर दी गई है। जिले के कुल दस विधानसभा क्षेत्रों में 11 नवंबर 2025 को वोट डाले जाएंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इसी दिन राज्य के अन्य जिलों के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदान होगा।
गया जिले के जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है, उनमें गया टाउन, बोधगया, टिकारी, शेरघाटी, बाराचट्टी, बेलागंज, इमामगंज, गुरुआ, अतरी और वजीरगंज शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
जिला पदाधिकारी सह निर्वाचन अधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने बताया कि सभी बूथों की समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अर्धसैनिक बलों और जिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर रैंप, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें।
