ऑपरेशन वाइलैप के तहत गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से अवैध लकड़ी बरामद
गया लाइव डेस्क। पूर्व मध्य रेल, डी.डी.यू. मंडल के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट गया की टीम ने ऑपरेशन वाइलैप (Operation Wilep) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से अवैध रूप से ले जाई जा रही सूखी लकड़ी को बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर के निर्देश पर आरपीएफ जवानों ने गाड़ी संख्या 13553 (आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर) को मानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर चेक किया। गाड़ी के मानपुर स्टेशन पर आगमन का समय 13:58 बजे था। जांच के दौरान उनि. आर.के. सिंह और अन्य स्टाफ ने एक साधारण कोच में सूखी लकड़ियों के बंडल पाए।
जब यात्रियों से लकड़ी के स्वामित्व को लेकर पूछताछ की गई, तो किसी ने भी दावा नहीं किया। तत्पश्चात आरपीएफ ने मौके पर उपस्थित गवाहों की उपस्थिति में लकड़ियों को उतारकर जब्त कर लिया। जांच में करीब 200 किलोग्राम सूखी लकड़ी (जलावन के उपयोग हेतु) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4,000 बताई गई है।
आरपीएफ द्वारा पूरी जप्ती सूची तैयार कर लकड़ी को वन विभाग, गया (माडनपुर डिपो कार्यालय) को सुपुर्द कर दिया गया है।
आरपीएफ द्वारा यह कार्रवाई रेल परिसर में अवैध वस्तुओं के परिवहन को रोकने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “Operation Wilep” के तहत की गई।
