गयापटनाबिहार

Breaking : ई-मेल से धमकी: बिहार विधानसभा निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत जांच और सतर्कता बढ़ाने का आदेश दिया गया है।

पटना स्थित बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। विधानसभा सचिवालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें विधानसभा भवन को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया और विधानसभा सचिवालय के वरीय अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे इस मामले की जानकारी राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को दें, ताकि विधानसभा परिसर की सुरक्षा के दृष्टिकोण से तुरंत जांच कराई जा सके। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को पूरे परिसर की गहन जांच करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्देश दिया गया है।
विधानसभा के पीआरओ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तकनीकी स्तर पर भी ई-मेल की जांच कर रही हैं।
फिलहाल विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *