बोधगया में जापान-भारत की साझा पहल: सैकड़ों स्वयंसेवियों ने चलाया स्वच्छता और पौधारोपण अभियान
गया लाइव डेस्क। भगवान बुद्ध की नगरी बोधगया में शनिवार को भारत और जापान के संयुक्त प्रयास से स्वच्छता व पौधारोपण का मेगा अभियान चलाया गया। सैकड़ों देशी-विदेशी स्वयंसेवियों, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों ने श्रमदान कर शहर को स्वच्छ बनाने और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

बोधगया में पीपुल्स फर्स्ट एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट और जुमोन मिराई जापान (कला इंटरनेशनल) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मेगा स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में सैकड़ों जापानी नागरिक, स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे प्रभात फेरी से हुई। देशी-विदेशी स्वयंसेवियों और स्कूली बच्चों ने बोधगया के मुख्य मार्गों पर निकलकर सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मास्क, टोपी और दस्ताने पहने स्वयंसेवी फावड़ा और चिमटे की मदद से कचरा उठाकर बोरियों में भरते रहे, जिसे पीछे चल रहे ट्रैक्टर में जमा किया जा रहा था।
सफाई अभियान के बाद दोपहर में पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान लगभग 200 औषधीय गुणों से युक्त नीम और पीपल के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर जाली लगाई गई और पानी की व्यवस्था भी की गई। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ हरियाली का भी व्यापक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जुमोन मिराई जापान की ओर से युचीयामा फुमिको, तोमिता योको, याजावा सुतोमु, सुजुकी, कियोको, मुरामात्सु, साचीको, युरिको, कुनिको, हिमुका, जुन्को, सातोमी, नाकाजावा, सुगानो, हीरोमी, ईतो, सुमिदा, फुरूया सहित कई जापानी स्वयंसेवियों ने भाग लिया।
वहीं पीपुल्स फर्स्ट एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक दीपक कुमार और गोपा सिन्हा की भूमिका सराहनीय रही। बोधगया नगर परिषद की अध्यक्ष ललिता देवी की पहल पर नगर परिषद के कर्मचारी, ट्रैक्टर और टैंकर के साथ सफाईकर्मी भी अभियान में सक्रिय रूप से जुड़े। वार्ड पार्षद मनोज कुमार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके अलावा इनरव्हील क्लब और रोटरी क्लब ऑफ बोधगया के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों स्कूली बच्चे भी इस अभियान में शामिल हुए। सभी ने मिलकर बोधगया को स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प लिया।
इस सफल आयोजन की लोगों ने जमकर सराहना की और इसे स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
