गयाबिहार

गया स्टेशन पर आरपीएफ ने दिखाई ईमानदारी, “ऑपरेशन अमानत” के तहत 20 हजार रुपये का मोबाइल यात्री को लौटाया

गया लाइव डेस्क। पूर्व मध्य रेलवे, डीडीयू मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया। आरपीएफ का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और विश्वास कायम करने का बेहतरीन उदाहरण है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ के उपनिरीक्षक विकास कुमार ने गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 पर गश्त के दौरान करीब सुबह 9:05 बजे एक ओप्पो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल फोन गिरा हुआ देखा। आस-पास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने उस मोबाइल का दावा नहीं किया।

कुछ देर बाद उस मोबाइल पर फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम वरूण जाना बताया। उन्होंने कहा कि वे गाड़ी संख्या 12320 से अपने परिवार के साथ आगरा कैंट से कोलकाता की यात्रा कर रहे थे और ट्रेन के गया स्टेशन से खुलने के दौरान उनका मोबाइल प्लेटफॉर्म पर गिर गया था।

आरपीएफ द्वारा सूचना दिए जाने पर यात्री वरूण जाना अपने साढ़ू भाई उत्पल कुमार वेरा के साथ आरपीएफ पोस्ट गया पहुंचे। पहचान और सत्यापन के बाद उपनिरीक्षक जावेद इकबाल ने उन्हें उनका खोया हुआ मोबाइल सही सलामत लौटा दिया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग ₹20,000 बताई गई है। यात्री ने आरपीएफ टीम के इस ईमानदार और तत्पर कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *