रिश्वतखोरी का ऑडियो वायरल: गया के राजस्व कर्मचारी रवि कुमार निलंबित, डीएम ने कही “ज़ीरो टॉलरेंस” की बात
गया लाइव डेस्क। जिला प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के व्हाट्सएप पर अंचल कार्यालय फतेहपुर के राजस्व कर्मचारी रवि कुमार से संबंधित एक ऑडियो प्राप्त हुआ, जिसमें उनसे राजस्व कार्यों के निष्पादन के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की बात सामने आई है।
प्राप्त ऑडियो सुनने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि रवि कुमार अपने सहयोगी दलाल अजय कुमार के माध्यम से पीड़ित आवेदक पिंटू यादव से फोन-पे के जरिए 15 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले रहे थे। प्रथम दृष्टया यह मामला सही पाया गया, जिसके बाद जिला पदाधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रवि कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में रवि कुमार का मुख्यालय अंचल टिकारी निर्धारित किया गया है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि प्रशासन “ज़ीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रहा है। यदि कहीं से भी किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा किसी नागरिक को ह्रास या परेशान करने की शिकायत मिलेगी, तो जांचोपरांत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
