गयाबिहारबिहार चुनाव 2025

गया में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर स्वीप अभियान पर समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के मद्देनज़र जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में स्वीप (SVEEP) अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मतदान केंद्रों पर 40 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है, वहां विशेष रूप से आईसीडीएस, शिक्षा विभाग और जीविका दीदी के माध्यम से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में भाग लें।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही बच्चों के माध्यम से उनके अभिभावकों से मतदान करने का संकल्प पत्र भी प्राप्त किया जाए।

डीएम ने कहा कि साइकिल रैली, रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, प्रभात फेरी और चौपाल जैसे जनसंपर्क माध्यमों से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।

सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण को निर्देश दिया गया कि दिव्यांग जनों की रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें तथा चिन्हित वयोवृद्ध मतदाताओं को सम्मानित किया जाए। इसके अलावा एनसीसी, स्काउट-गाइड और एनएसएस के छात्र-छात्राओं को भी मतदाता जागरूकता गतिविधियों में शामिल करने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सेविका-सहायिका और जीविका दीदी घर-घर जाकर मतदाता संपर्क अभियान चलाएं।

बैठक में वरीय प्रभारी स्वीप कोषांग सह उप विकास आयुक्त, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग और डीपीएम जीविका समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *