वरिष्ठ पत्रकार सुजीत कुमार के पिता श्यामदेव प्रसाद का निधन
गया लाइव डेस्क। हिन्दी दैनिक हिन्दुस्तान के वरीय पत्रकार सुजीत कुमार के 73 वर्षीय पिता श्यामदेव प्रसाद का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही न केवल पत्रकारिता जगत, बल्कि सामाजिक और खेल जगत में भी गहरा शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेव प्रसाद मूलतः जहानाबाद के खत्री टोला, थाना रोड के निवासी थे। अपने जमाने में वे मशहूर फुटबॉलर के रूप में जाने जाते थे और बाद के दिनों में डीड राइटर के रूप में समाज सेवा में जुड़े रहे। बताया गया कि बीते कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे, हालांकि बुधवार की सुबह उनकी तबीयत पहले से बेहतर थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकार सुजीत कुमार के सहयोगी, मित्रगण और समाज के कई गणमान्य लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते रहे।
श्यामदेव प्रसाद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं — दो पुत्र सुजीत कुमार और अजीत कुमार, एक पुत्री रेशमी देवी, नाती-पोते सहित पूरा परिवार आज गहरे शोक में डूबा है।
उनका अंतिम संस्कार जहानाबाद के गौरी घाट पर किया गया, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
