गयापटनाबिहार

गया में विश्व शांति सम्मेलन आज से: गांधी मैदान में तीन दिन तक धर्म, संस्कृति और खेल का संगम

गया लाइव डेस्क। गया शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय विश्व शांति सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विविधता और युवाओं की भागीदारी का अनूठा मंच बनेगा।

गया शहर के गांधी मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाला विश्व शांति सम्मेलन इस बार एक भव्य और बहुआयामी आयोजन के रूप में सामने आ रहा है। पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, भाईचारा और एकजुटता का संदेश फैलाना है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि धर्म, साहित्य, कला और खेल के समागम के जरिए समाज के हर वर्ग को जोड़ने की पहल है।
इस आयोजन को लेकर एसोसिएशन की कोर कमिटी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव इक़बाल हुसैन ने बताया कि पहले दिन 11 अप्रैल को “अंतरधार्मिक संवाद” के तहत विभिन्न धर्मों के प्रमुख धर्मगुरु एक मंच से शांति और सद्भाव का संदेश देंगे। इस दौरान अलग-अलग धर्मों के विद्वान और स्कॉलर एक साथ बैठकर समाज में एकता का संदेश देंगे। साथ ही प्रसिद्ध शिक्षक खान सर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए विशेष संबोधन करेंगे।
सम्मेलन का दूसरा दिन, 12 अप्रैल, “शहादत दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन मुशायरा और कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जहां देशभर के शायर और कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, इंसानियत और शांति का संदेश देंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भी लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं तीसरे दिन 13 अप्रैल को खेल गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। इंडियन बॉडीबिल्डिंग फेडरेशन के सहयोग से भव्य बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से सैकड़ों प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन युवाओं को फिटनेस और अनुशासन के प्रति प्रेरित करेगा।
इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सहित कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। आयोजकों ने गया वासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शांति व सद्भाव के संदेश को मजबूत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *