गया स्टेशन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत 6.10 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
गया लाइव डेस्क। दुर्गा पूजा के मद्देनज़र रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी गया की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जितेन्द्र कुमार (24 वर्ष), पिता रघुनाथ साह, निवासी ग्राम उसरी बेसी, नयागांव थाना औराई, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:50 बजे प्लेटफार्म संख्या-1 पर हावड़ा ब्रिज के रैंप के पास संदिग्ध हालात में एक युवक भारी बैग लेकर तेजी से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। शक होने पर उसे रोका गया और पूछताछ में उसने बैग में गांजा होने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद नगर अंचल अधिकारी ऋषिकेश कुमार की उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसमें बैग से कुल 6 पैकेटों में 6.10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹91,500 आंकी गई है।
गांजा को मौके पर जप्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया और जीआरपी थाना गया ले जाया गया। इस मामले में RPF गया पोस्ट के उप निरीक्षक जावेद इकबाल की लिखित शिकायत पर मु.अ.संख्या-285/25, दिनांक 27.09.25, भा.दं.सं. की धारा 8/20(b)(II)(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने बताया कि त्योहारों के दौरान आपराधिक गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
