साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर गया में पुलिस की विशेष बैठक, विधानसभा चुनाव पर रखी गई खास नजर
गया लाइव डेस्क। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए शनिवार को गया में पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र कार्यालय में साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक आर्थिक अपराध इकाई, पटना एवं अपर पुलिस महानिदेशक, मगध क्षेत्र, गया ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मगध क्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, साइबर सेल प्रभारी, आईटी सेल अधिकारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह, आपत्तिजनक/उकसाऊ पोस्ट, फर्जी खबरें और भ्रामक कंटेंट पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए सभी जिलों में नोडल ऑफिसर नामित कर 24×7 मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:
साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर त्वरित एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि पर नजर रखी जाए।
प्रत्येक थाने में साइबर अपराध नियंत्रण के लिए विशेष सेल सक्रिय रहे।
साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
जनता को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देने हेतु जनजागरूकता गतिविधियाँ चलाई जाएँ।
साइबर अपराध की रोकथाम हेतु पुलिस कर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने यह भी बताया कि चुनाव के समय साइबर अपराधियों द्वारा अफवाह फैलाने की कोशिश की जा सकती है, इसलिए सूचना का तत्काल खंडन एवं सही जानकारी जनता तक पहुँचाना बेहद जरूरी है।
बैठक में मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के साथ-साथ सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।
