गयापटनाबिहार

गया के गांधी मैदान के कायाकल्प को लेकर होगा आंदोलन पटना की तर्ज पर विकास की मांग:बच्चू यादव

गया लाइव डेस्क। गया नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा नेता जितेंद्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव ने गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान को पटना के गांधी मैदान की तर्ज पर विकसित कराने को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। इस आंदोलन में शहर के कई बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी उनके साथ शामिल होंगे।
जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि गया जी न केवल बिहार बल्कि देश और दुनिया में अपनी अलग धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान रखता है, लेकिन इसके बावजूद यहां के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार और स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के कारण गया का गांधी मैदान अपनी पहचान और गरिमा खोता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, ताकि सरकार और प्रशासन का ध्यान गया के गांधी मैदान के समुचित विकास की ओर आकर्षित किया जा सके। धरना के माध्यम से मांग की जाएगी कि गांधी मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर, पटना के गांधी मैदान की तरह सुंदर, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाया जाए।
पूर्व डिप्टी मेयर ने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि गया शहर के सम्मान, विकास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
इस घोषणा के बाद गया के सामाजिक और बौद्धिक वर्ग में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं उन्होंने कहा कि अगर एक माह के अंदर गया का गांधी मैदान सुसज्जित और अतिक्रमण मुक्त नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। आगे उन्होंने कहा कि गया डोभी मुख सड़क मार्ग और गया बोधगया मार्ग पर बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही है। साथ ही गया डोभी मुख्य मार्ग की चौथीकरण की गति भी काफी धीमी है। जिसे जल्द पूरा करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *